schema:text
| - Last Updated on जून 22, 2021 by Team THIP
सारांश
कई सारे ऑनलाइन वीडियो और चर्चाओं का दावा है कि Vicks Vaporub को पेट पर रगड़ने से पेट की चर्बी को कम करने में मदद मिलती है। कई लोग कहते हैं कि Vicks Vaporub में मौजूद कपूर एक जादुई कॉम्पोनेन्ट की तरह काम करता है। कपूर और बेबी ऑयल के मिश्रण के बारे में भी इसी तरह का दावा किया गया है। हमने दोनों दावों का फैक्ट चेक किया और हमें पता चला कि वे दोनों गलत हैं।
दावा
कई Youtube वीडियो दावा करते हैं कि Vicks Vaporub को रगड़ने से पेट की चर्बी कम होती है। नीचे एक ऐसा ही वीडियो दिया गया है। इसी तरह के अन्य वीडियो भी Youtube पर देखे जा सकते हैं, यहां और यहां।
इसी तरह की चर्चाएं लोकप्रिय सवाल-जवाब मंच Quora पर भी देखने को मिलती हैं। इस तरह की चर्चाओं में से कुछ के स्नैपशॉट नीचे दिए गए हैं और चर्चाओं के आर्काइव वर्जन यहां और यहां देखे जा सकते हैं। पेट की चर्बी कम करने के इसी तरह के दावे कपूर और बेबी ऑइल के मिश्रण के बारे में भी किए गए हैं। इस तरह की चर्चाओं में से कुछ के स्नैपशॉट नीचे दिए गए हैं और चर्चाओं के आर्काइव वर्जन यहां और यहां देखे जा सकते हैं।
फेसबुक में भी यह पोस्ट देखने को मिलती हैं। स्नैपशॉट नीचे दिए गए हैं ।
फैक्ट चेक
Vicks Vaporub क्या है?
Vicks Vaporub एक लोकप्रिय ऑइंटमेंट है जो खांसी को कम करने में मदद करती है। यह बिना पर्चे (प्रिस्क्रिप्शन) के खरीदी जा सकती है, यह अमेरिकी कंज़्यूमर गुड्स कंपनी Procter & Gamble द्वारा खरीदी गई है। खांसी कम करने के लिए VapoRub का इस्तेमाल छाती, पीठ और गले पर किया जाना चाहिए, साथ ही मांसपेशियों, और जोड़ों के दर्द को कम करने के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जाता है।
Vicks Vaporub के मुख्य कम्पोनेंट्स क्या हैं?
कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, “Vicks VapoRub में सक्रिय तत्व इस प्रकार हैं: कपूर (खांसी को कम करता है), नीलगिरी का तेल (खांसी को कम करता है) और मेन्थॉल (खांसी को कम करता है)। Vicks VapoRub में निष्क्रिय सामग्री इस प्रकार है: देवदार का तेल, जायफल का तेल, पेट्रोलेटम, थाइमोल और तारपीन तेल शामिल हैं।
Vicks Vaporub की क्षमता के बारे में कंपनी (Procter and Gamble) का क्या दावा है?
कंपनी Procter and Gamble ने अपनी वेबसाइट पर दावा किया है कि, “Vicks VapoRub मामूली खांसी में आराम पहुंचाने में मदद करती है। इसका इस्तेमाल मांसपेशियों और जोड़ों के मामूली दर्द को अस्थायी रूप से राहत देने के लिए भी किया जा सकता है। Vicks VapoRub में औषधीय वाष्प होते हैं जो नाक और मुंह में प्रवेश करते हैं। आसानी से सांस लेने के लिए और खांसी कम करने के लिए इसका शक्तिशाली और लंबे समय तक चलने वाला वाष्प मिनटों में काम करना शुरू कर देता है।
Vicks Vaporub का पेट की चर्बी को कम करने में प्रभावी होने की अफवाह सही है या नहीं यह जानने के लिए हमने कंपनी से संपर्क किया। एक ई-मेल में कंपनी द्वारा जवाब आया कि, “कृपया विक्स रेंज की पूरी जानकारी के लिए www.vicks.co.in/en-in पर जाएं। मरीजों को सलाह दी जाती है कि वे हमारे प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने के लिए हमारी वेबसाइट पर जाएं या प्रोडक्ट पर चिपका लेबल देखें। Vicks किसी अन्य प्रकार के उपयोग का समर्थन नहीं करता है।
क्या Vicks Vaporub में मौजूद कपूर फैट को कम करने में फायदेमंद होता है?
हमने कई तरह की अलग-अलग रिसर्च पब्लिकेशन जर्नल्स पर गहराई से खोज की है। हमें शरीर की चर्बी पर कपूर के प्रभाव के बारे में केवल एक शोध मिला। 2015 में किए गए एक अध्ययन से पता चलता है कि कपूर का पेड़ (सिनामोमम कैम्फोरा) गिरी का तेल चूहों में बॉडी फैट को कम करता है। हालाँकि, यह अध्ययन सोयाबीन तेल जैसे अन्य उत्पादों की तुलना में चूहों को कपूर के पेड़ का तेल खिलाकर किया गया था। इसमें बॉडी फैट पर कपूर के सामयिक, बाहरी अनुप्रयोग के प्रभाव का अध्ययन नहीं किया गया है। साथ ही, किसी भी सकारात्मक प्रभाव की पुष्टि करने के लिए इस अध्ययन को मनुष्यों पर नहीं दोहराया गया था।
हमने अपने फैक्ट-चेकिंग पार्टनर Amrita Centre for Advanced Research in Ayurveda (ĀCĀRA) के विशेषज्ञों से पूछा कि आयुर्वेद में कपूर के ज़रिए पेट की चर्बी को कम करने के लिए क्या ज़िक्र किया गया है।
ĀCĀRA के विशेषज्ञ का कहना है कि, “अतिरिक्त फैट के इलाज के लिए एक सहायक उपचार के रूप में आयुर्वेद में हर्बल पाउडर के साथ शरीर की उदवरतानम या मालिश की सिफारिश की जाती है। लेकिन यह इसका पूर्ण इलाज नहीं है। और कपूर अनुशंसित की गई हर्बल सामग्री में नहीं है।
इस समझ के आधार पर, आयुर्वेद फैट को कम करने के लिए कपूर का इस्तेमाल करने की सलाह नहीं देगा।
इसके अलावा, कपूर से त्वचा में जलन भी हो सकती है और इससे कुछ व्यक्तियों को एलर्जी भी हो सकती है। इस वजह से, आयुर्वेद नारियल तेल जैसे त्वचा के अनुकूल तेलों में घुले कपूर का इस्तेमाल करता है।“
आयुर्वेद के अनुसार कपूर का अनुशंसित उपयोग क्या है?
ĀCĀRA के विशेषज्ञों के अनुसार, “नारियल तेल (करपोरा टेलम) में घुले कपूर का इस्तेमाल आयुर्वेद में अस्थमा और संबंधित स्थितियों में फेफड़ों के जमाव को कम करने के लिए किया जाता है। खांसी में राहत पाने के लिए। दर्द और सूजन से राहत पाने के लिए इसे जोड़ों पर भी बाहरी रूप से लगाया जाता है। लेकिन इसे बाहरी रूप से लगाने से चर्बी कम होती है ऐसा न देखा गया है और न ही सुझाया गया है। आयुर्वेद में, कपूर केवल चिकित्सा पर्यवेक्षण के तहत इस्तेमाल किया जाता है। खाना पकाने में खाद्य कपूर का इस्तेमाल संयम से किया जाता है। आयुर्वेद में, कफ को साफ करने के लिए इसका सावधानीपूर्वक इस्तेमाल किया जाता है।“
क्या आयुर्वेद में उच्च बॉडी फैट या मोटापे का कोई इलाज है?
ĀCĀRA के विशेषज्ञों का कहना है, ”आयुर्वेद कहता है कि मोटापा एक ऐसी स्थिति है जिसका इलाज करना कठिन है। बल्कि, टेक्स्ट में साफ-साफ कहा गया है कि यह लगभग एक लाइलाज बीमारी है – na hi sthulasya bheshajam. मोटापे को कम करने के लिए कोई जादुई दवा नहीं है। कोई भी आंतरिक या बाहरी दवा इस समस्या का इलाज नहीं कर सकती है। तनाव को संभालना, जीवन शैली और आहार का ध्यान रखना इसका इलाज करने के लिए सबसे मुख्य उपाय हैं। दवाएं, या तो बाहरी या आंतरिक केवल सहायता करती हैं। जितने अधिक मरीज व्यापक प्रोटोकॉल का पालन करेंगे, उतने ही बेहतर परिणाम हासिल होंगे। मोटापे के लिए एक व्यक्तिगत उपचार प्रोटोकॉल की भी आवश्यकता होती है।“
|