schema:text
| - Fact Check: बांग्लादेश में ट्रांसजेंडर व्यक्ति के साथ हुई बदसलूकी के वीडियो को सांप्रदायिक दावे के साथ किया जा रहा शेयर
दावा किया जा रहा है कि बांग्लादेश में हिजाब न पहनने पर हिंदू महिला के साथ की बदतमीजी।
- By: Pragya Shukla
- Published: Dec 17, 2024 at 02:17 PM
- Updated: Dec 18, 2024 at 10:53 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक लड़की को परेशान करते हुए कुछ लोगों का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बांग्लादेश में हिजाब न पहनने पर एक हिंदू लड़की के साथ बदतमीजी की और उससे उठक-बैठक करवाई।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वीडियो में नजर आ रही महिला नहीं, बल्कि ट्रांसजेंडर व्यक्ति है और वो मुस्लिम समुदाय से है। यह घटना सितंबर 2024 में हुई थी और पीड़िता की शिकायत के बाद इस मामले में बांग्लादेश पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया था।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘जगदीश प्रकाश’ने 12 दिसंबर 2024 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “बांग्लादेश: कट्टरपंथी इस्लामवादियों ने कॉक्स बाजार समुद्र तट पर हिजाब न पहनने पर एक हिंदू महिला को परेशान किया। धर्मनिरपेक्षता उन जगहों के लिए है जहाँ हिंदू, ईसाई या बौद्ध बहुसंख्यक हैं, अन्यथा शरिया लागू हो जाएगा। हमें 18 मिलियन बांग्लादेशी हिंदुओं को बचाने के लिए जल्द से जल्द कार्रवाई करने की आवश्यकता है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट बांग्लादेश के यूट्यूब चैनल कालबेला न्यूज़ पर मिली। वीडियो को 14 सितंबर 2024 को अपलोड किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, यह घटना बांग्लादेश के कॉक्स बाजार समुद्र तट पर हुई थी।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी रिपोर्ट बांग्लादेश की न्यूज वेबसाइट ‘’आज का पात्रिका’ पर मिली। रिपोर्ट को 15 सितंबर 2024 को प्रकाशित किया गया था। बांग्ली भाषा में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, वो एक ट्रांसजेंडर व्यक्ति है और मुस्लिम समुदाय से है।
हमें अन्य न्यूज भी इसी जानकारी के साथ प्रकाशित मिली।
बांग्ला ट्रिब्यून की वेबसाइट पर 14 सितंबर 2024 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, घटना के बाद महिला ने कॉक्स बाजार सदर पुलिस स्टेशन में 5-6 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इस मामले में दो लोगों की पहचान हो गई थी और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शख्स को गिरफ्तार भी किया था। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर कोर्ट भी भेज था।
अधिक जानकारी के लिए हमने बांग्लादेश स्थित फैक्ट चेकिंग वेबसाइट रूमर स्कैनर के सह-संस्थापक मोहम्मद सकीजुमन से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो करीब दो महीने पहले हुए मामले का है। यह वीडियो किसी महिला का नहीं, बल्कि एक मुस्लिम ट्रांसजेंडर व्यक्ति है। पीड़िता ने पुलिस में मामले की शिकायत भी दर्ज कारवाई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शख्स को गिरफ्तार भी किया था।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 11 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर महाराष्ट्र का रहने वाला है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि महिला के साथ बदतमीजी करते लोगों के वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा सांप्रदायिक दावा गलत है। असल में वीडियो में नजर आ रही महिला नहीं, बल्कि ट्रांसजेंडर व्यक्ति है और वो मुस्लिम समुदाय से है। यह घटना सितंबर 2024 में हुई थी और पीड़िता की शिकायत के बाद इस मामले में बांग्लादेश पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया था।
- Claim Review : बांग्लादेश में हिजाब न पहनने पर हिंदू महिला के साथ की बदतमीजी।
- Claimed By : FB User Jagdish Prasad
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
|