Fact Check: फूलपुर और कटेहरी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा व सपा उम्मीदवारों को एक समान वोट मिलने का दावा फेक
उत्तर प्रदेश की फूलपुर और कटेहरी विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा और सपा के उम्मीदवारों को मिले वोटो की संख्या एक समान नहीं है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Dec 6, 2024 at 11:14 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नवंबर 2024 में महाराष्ट्र और झारखंड समेत उत्तर प्रदेश की कुछ सीटों पर उपचुनाव हुआ था। इनमें यूपी की फूलपुर और कटेहरी विधानसभा सीटें भी शामिल थीं। अब इनको लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें 24 नवंबर 2024 के न्यूजपेपर की कथित कटिंग को शेयर किया जा रहा है, जिसके अनुसार, फूलपुर और कटेहरी सीट पर भाजपा और सपा उम्मीदवारों को समान वोट मिले हैं।
कुछ यूजर्स इसको शेयर कर दावा कर रहे हैं कि ईवीएम की वजह से दोनों सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों को एक जैसे और सपा प्रत्याशियों को एकसमान वोट मिले हैं। इसके जरिए ईवीएम पर सवाल उठाए गए हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि दोनों विधानसभा सीटों पर भाजपा और सपा के उम्मीदवारों को मिले वोटों की संख्या अलग-अलग है। उनको एक समान वोट मिलने का दावा फेक है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर Ravish Kumar Supporter ने 3 दिसंबर को न्यूजपेपर की कटिंग को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,
“EVM का कमाल देखो भाजपा के दोनों जितने वाले प्रत्याशियों को एक जैसे वोट, वही विपक्ष के हारने वाले को भी एक जैसे वोट यह संयोग है या सहयोग है।”
न्यूजपेपर की कथित कटिंग में लिखा है कि फूलुपर से भाजपा के दीपक पटेल को 78289 और सपा मुज्तबा सिद्दीकी को 66984 वोट मिले हुए, जबकि कटेहरी से भाजपा के धर्मराज निषाद को 78289 और सपा की शोभावती वर्मा को 66984 वोट मिले हैं।
पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने चुनाव आयोग की वेबसाइट पर फूलुपर और कटेहरी उपचुनाव के परिणाम को चेक किया। इसके अनुसार, फूलपुर विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी दीपक पटेल जीते हैं। उनको 78289 वोट और सपा के मो. मुज्तबा सिद्दीकी को 66984 वोट मिले हैं।
कटेहरी विधानसभा सीट का रिजल्ट चेक करने पर पता चला कि यहां से भाजपा के धर्मराज निषाद को 104091 और सपा की शोभावती वर्मा को 69577 वोट मिले हैं।
इससे यह तो साबित हो गया कि दोनों विधानसभा सीटों पर भाजपा और सपा उम्मीदवारों को मिले वोटों की संख्या अलग-अलग है।
इसके बाद हमने वायरल पोस्ट वाले हिन्दुस्तान समाचार पत्र के मैनपुरी संस्करण (आर्काइव लिंक) को स्कैन किया तो उसमें दोनों सीटों पर सपा और भाजपा उम्मीदवारों को मिले मतों की संख्या में समानता दिखी।
हालांकि, इसके बाद के संस्करण में वोटों की संख्या को सही कर दिया गया।
इस बारे में हमने भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी से संपर्क किया। उनका कहना है कि ईवीएम को लेकर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं। फूलपुर और कटेहरी सीट से भाजपा उम्मीदवारों को एकसमान वोट नहीं मिले हैं। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर इसका डाटा मौजूद है।
इससे पहले भी ईवीएम को लेकर कई फर्जी और भ्रामक दावों को शेयर किया जा चुका है। उनकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
वोटों की संख्या को लेकर फर्जी दावा करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 17 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: उत्तर प्रदेश की फूलपुर और कटेहरी विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा और सपा के उम्मीदवारों को मिले वोटो की संख्या एक समान नहीं है।
- Claim Review : फूलपुर और कटेहरी सीट पर भाजपा और सपा उम्मीदवारों को समान वोट मिले हैं।
- Claimed By : X User- Ravish Kumar Supporter
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...