schema:text
| - Fact Check: ‘खान सर’ के निधन की अफवाह वायरल
पटना में बीपीएससी परीक्षा को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद ‘खान सर’ की तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से उनको डिस्चार्ज भी किया जा चुका है। उसके निधन का दावा अफवाह है। पुलिस ने ‘खान सर’ की गिरफ्तारी के दावे को भी अफवाह बताया था।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Dec 12, 2024 at 04:46 PM
- Updated: Dec 13, 2024 at 11:35 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार पब्लिक सर्विस कमीशन (बीपीएससी) परीक्षा को लेकर हाल ही में पटना में अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया था। मशहूर कोचिंग संचालक ‘खान सर’ (फैजल खान) ने उनका समर्थन किया था। इसके अगले दिन तबीयत खराब होने पर उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि 10 दिसंबर को ‘खान सर’ की मौत हो गई। इससे पहले उनकी गिरफ्तारी को लेकर भी पोस्ट वायरल हो चुकी हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि ‘खान सर’ के निधन का दावा महज अफवाह है। उनको डिहाइड्रेशन और बुखार की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तबीयत सुधरने के बाद उनको डिस्चार्ज कर दिया गया था। वहीं, पटना पुलिस ने ‘खान सर’ की गिरफ्तारी को भी अफवाह बताया है।
क्या है वायरल पोस्ट
इंस्टाग्राम यूजर murari_lal_9744 ने 11 दिसंबर को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया। इसमें एक एंबुलेंस की वीडियो के साथ अस्पताल में भर्ती खान सर की तस्वीर दी गई है। इस पर लिखा है,
“आज सुबह हुई खान सर की मौत 10/12/2024”
फेसबुक यूजर Viral News Fb ने 9 दिसंबर को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,
“Khan Sir Health News: खान सर की तबीयत खराब!,हो गये गिरफ्तार! | BPSC Students Protest | Bihar News”
वीडियो में अस्पताल में भर्ती खान सर को दिखाया गया है।
पड़ताल
‘खान सर’ की तबीयत से संबंधित दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। 7 दिसंबर 2024 को आज तक की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, 6 दिसंबर को बीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा के नियम में बदलाव को लेकर छात्रों ने प्रदर्शन किया था। खान सर उनके साथ थे। उस दौरान पुलिस ने बल प्रयोग किया था। इसके अगले दिन खान की तबीयत बिगड़ने पर उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें डिहाइड्रेशन और बुखार की समस्या हुई थी।
9 दिसंबर को प्रभात खबर में छपी खबर के मुताबिक, ‘खान सर’ को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
इस बारे में हमने पटना दैनिक जागरण के सीनियर रिपोर्टर जितेंद्र कुमार से संपर्क किया। उनका कहना है कि ‘खान सर’ को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था। अब वह स्वस्थ हैं।
इस बारे में हमने खान ग्लोबल स्टडीज में भी संपर्क किया। वहां से जानकारी दी गई कि ‘खान सर’ के निधन का दावा अफवाह है। वह स्वस्थ हैं।
इसके बाद हमने खान सर (फैजल खान) की गिरफ्तारी के दावे के बारे में सर्च किया। 8 दिसंबर 2024 के दैनिक जागरण के पटना संस्करण में इससे सबंधित खबर छपी है। इसमें लिखा है, “सचिवालय एसडीपीओ (प्रथम) डॉ. अनु कुमारी ने खान सर की गिरफ्तारी के दावे को अफवाह बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन में खान सर खुद गर्दनीबाग थाने पहुंचे थे। कुछ देर बाद पुलिस की गाड़ी से उन्हें अटल पथ तक छोड़ दिया गया था। उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया था और न ही हिरासत में लिया गया था। गिरफ्तारी की भ्रमित पोस्ट करने पर एक्स हैंडल खान ग्लोबल स्टडीज के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
इस बारे में सीनियर रिपोर्टर जितेंद्र कुमार ने कहा कि ‘खान सर’ को गिरफ्तार नहीं किया गया था।
गलत दावा करने वाले इंस्टाग्राम यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। वीडियो क्रिएटर यूजर के करीब 24 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: पटना में बीपीएससी परीक्षा को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद ‘खान सर’ की तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से उनको डिस्चार्ज भी किया जा चुका है। उसके निधन का दावा अफवाह है। पुलिस ने ‘खान सर’ की गिरफ्तारी के दावे को भी अफवाह बताया था।
- Claim Review : 10 दिसंबर को खान सर की मौत हो गई।
- Claimed By : Insta User- murari_lal_9744
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
|