Fact Check : प्रियंका गांधी के बैग पर नहीं लिखा था बांग्लादेशी हिंदुओं के खिलाफ, Fake तस्वीर की गई वायरल
प्रियंका गांधी की असली तस्वीर के साथ छेड़छाड़ करके जानबूझकर वायरल तस्वीर बनाई गई है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Dec 17, 2024 at 06:25 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी 16 दिसंबर को संसद में फलस्तीन के समर्थन वाला बैग लेकर पहुंची थी। इसके बाद 17 दिसंबर को प्रियंका एक नया बैग लेकर पहुंचीं, जिसमें बांग्लादेश के अल्पसंख्यकों के समर्थन में नारा लिखा था। बैग पर लिखा था- ‘बांग्लादेश के हिंदुओं और ईसाइयों के साथ खड़े हों। इसी बीच अब प्रियंका गांधी की एक तस्वीर वायरल हो रही है। इसमें उनके बैग पर I don’t care about Bangladesh Hindus लिखा हुआ दिखाया गया है।
विश्वास न्यूज ने वायरल तस्वीर की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। प्रियंका गांधी की असली तस्वीर के साथ छेड़छाड़ करके जानबूझकर वायरल तस्वीर बनाई गई है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर मनोज शर्मा ने प्रियंका गांधी की एक तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा] “मुझे बांग्लादेशी हिंदुओं की परवाह नहीं है।”
इस तस्वीर में प्रियंका गांधी की बैग में अंग्रेजी में I don’t care about Bangladesh Hindus लिखा हुआ दिखाया गया है।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी की वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले गूगल लेंस टूल का इस्तेमाल किया। सर्च के दौरान हमें जागरण डॉट कॉम पर असली तस्वीर मिली। 17 दिसंबर की इस खबर में विस्तार से प्रियंका गांधी के संसद में बैग ले जाने के बारे में बताया गया।
खबर के अनुसार, “कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी सोमवार को संसद में फलस्तीन के समर्थन वाला बैग लेकर पहुंची थी, जिसके बाद भाजपा ने उनकी खूब आलोचना की थी। पाकिस्तान में इमरान खान के करीबी नेता ने भी इसको लेकर प्रियंका की तारीफ की थी, जिसके बाद लग रहा था कि कांग्रेस सांसद इस मुद्दे पर घिर जाएंगी। अब लेकिन प्रियंका ने बैग का जवाब बैग से दिया है। प्रियंका आज एक नया बैग लेकर पहुंची, जिसमें बांग्लादेश के हिंदुओं के समर्थन में नारा लिखा था। प्रियंका के साथ कई कांग्रेस सांसदों ने मंगलवार को संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और बांग्लादेश में अत्याचारों का सामना कर रहे हिंदुओं और ईसाइयों के लिए न्याय की मांग की।” पूरी खबर यहां पढ़ें।
पड़ताल के दौरान हमें प्रियंका गांधी के इंस्टाग्राम हैंडल पर एक रील मिली। इसमें भी असली तस्वीर और वीडियो का इस्तेमाल किया गया था। इस रील को 17 दिसंबर को अपलोड किया गया।
कांग्रेस के मीडिया पैनलिस्ट डॉक्टर अजय उपाध्याय ने प्रियंका गांधी की उस तस्वीर को शेयर किया, जिसमें उन्होंने बांग्लादेश के अल्पसंख्यकों को सपोर्ट करने की बात कही। बैग पर साफ लिखा है कि बांग्लादेश के हिंदुओं और ईसाइयों के साथ खड़े हो।
अब तक की पड़ताल से यह साफ हो गया कि प्रियंका गांधी के फलस्तीन के समर्थन वाली तस्वीर के साथ छेड़छाड़ की गई। तस्वीर में जानबूझकर अंग्रेजी में I don’t care about Bangladesh Hindus लिखा गया।
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी वायरल तस्वीर को फेक बताया। उन्होंने हमारे साथ प्रियंका गांधी की असली तस्वीर शेयर की।
पड़ताल के अंत में हमने फर्जी तस्वीर शेयर करने वाले यूजर के बारे में सर्च किया । यूजर जमशेदपुर में रहता है। इसे करीब दो हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी की वायरल तस्वीर फेक साबित हुई। उनकी असली तस्वीर के साथ छेड़छाड़ करके इसे तैयार किया गया है।
- Claim Review : प्रियंका गांधी की बैग पर लिखा है कि मुझे बांग्लादेशी हिंदुओं की परवाह नहीं है।
- Claimed By : FB User Manoj Sharma
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...