schema:text
| - Last Updated on मार्च 14, 2024 by Neelam Singh
सारांश
सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट के जरिए दावा किया जा रहा है कि चंडीगढ़ से BJP सांसद किरण खेर ने दलित समाज का अपमान किया है। चंडीगढ़ मेयर के भाषण के बाद किरण खेर ने माइक को सैनिटाइज किया है। जब हमने इस पोस्ट का तथ्य जाँच किया तब पाया कि यह दावा अधिकतर झूठ है।
दावा
ट्विवटर पर जारी एक पोस्ट के जरिए दावा किया जा रहा है कि चंडीगढ़ से सांसद किरण खेर ने दलित समाज का अपमान किया है।
तथ्य जाँच
क्या वाकई किरण खेर ने माइक को सैनिटाइज किया है?
हां, किरण खेर ने माइक को सैनिटाइज तो किया है लेकिन चुनावी माहौल होने के कारण इस बात को बढ़ा-चढाकर पेश किया जा रहा है। किरण खेर चंडीगढ़ से BJP सांसद हैं और वे चंडीगढ़ राज्यपाल के एक आयोजन में हिस्सा लेने गई थीं। लोकसभा चुनावों की सरगर्मियों के बीच नित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अपने ऊपर लगे आरोपों का खंडन करते हुए किरण खेर ने एक मीडिया हाउस को दिए अपने साक्षात्कार में कहा है, “मेरे माइक को सैनिटाइज करने की प्रक्रिया का राजनीतिकरण किया जा रहा है। यह बहुत दुखद है कि इस तरह का मुद्दा उठाया जा रहा है। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण मेरी प्रतिरक्षा प्रणाली कमजोर हो गई है इसलिए जब भी मैं मास्क नहीं पहनती हूं, तो मेरे Personal Security Officer (PSO) हमेशा माइक को साफ करते हैं। यह एक आम प्रक्रिया है, जिसका मैं पालन करती हूं। अभी सिर्फ चुनाव के कारण इसका राजनीतिकरण किया जा रहा है। यह पूरी तरह से मेरे स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों के कारण है।”
किरण खेर की स्वास्थ्य समस्या क्या है?
अनुपम खेर (किरण खेर के पति) ने अपने ट्विवटर पर 1 अप्रैल 2021 को अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विवटर) अकाउंट से जानकारी दी थी कि किरण खेर को Multiple Myeloma नामक एक ब्लड कैंसर है। हालांकि इस कैंसर से किरण खेर द्वारा साल 2022 के अंत तक रिकवरी शुरु हो गई थी और वे वापस अपने काम पर लौट आयी थी।
इसके बाद 20 मार्च 2023 को किरण ने अपने आधिकारिक ट्विवटर अकाउंट के जरिए जानकारी साझा कि उन्हें कोविड-19 का संक्रमण हुआ है और उनकी जाँच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
देखा जाए, तो किरण लगातार किसी ना किसी स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझती रही है। ऐसे में संक्रमण से बचना एवं अपनी रोग-प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत रखना उनके लिए बेहद आवश्यक है।
Multiple Myeloma क्या है?
Multiple Myeloma प्लाज्मा कोशिकाओं का एक कैंसर है, जो एक प्रकार की श्वेत रक्त कोशिका है, जो आमतौर पर एंटीबॉडी का उत्पादन करके संक्रमण से लड़ने में मदद करती है। इस कैंसर में प्लाज्मा कोशिकाएं असामान्य ढंग से बढ़ने लगती हैं, जिससे अस्थि मज्जा (bone marrow) से स्वस्थ रक्त कोशिकाएं (red blood cells) बाहर निकलने लगती हैं। इससे कई समस्याएं पैदा हो सकती हैं, जिनमें निम्नलिखित शामिल हैं-
- हड्डियों में दर्दः इस दौरान हड्डियों में अत्यंत दर्द होता है और हड्डियां कमजोर हो जाती हैं।
- थकान: एनीमिया, एक ऐसी स्थिति है, जिसमें शरीर में पर्याप्त लाल रक्त कोशिकाएं नहीं होती हैं और एनीमिया की समस्या Multiple Myeloma से ग्रसित लोगों में आम समस्या होती है। इससे थकान, कमजोरी और सांस लेने में तकलीफ हो सकती है।
- संक्रमण: Multiple Myeloma प्रतिरक्षा प्रणाली को कमजोर कर सकता है, जिससे शरीर के लिए संक्रमण से लड़ना कठिन हो जाता है।
- किडनी की समस्याएं: Myeloma कोशिकाओं द्वारा उत्पादित असामान्य प्रोटीन किडनी को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
Multiple Myeloma से रिकवरी के बाद किन चीजों का ध्यान रखना जरुरी है?
शोध बताते हैं कि Multiple Myeloma से ठीक होने के बाद भी स्वस्थ रहने और इसके जोखिम को कम करने के लिए सावधानी बरतना महत्वपूर्ण है। जैसे-
- नियमित चिकित्सीय सलाह लेना
- संक्रमण से खुद को बचाए रखना
- हड्डियों के कमजोर होने के कारण जोखिम भरे कामों को करने में सावधानी बरतना
- भावनात्मक तौर पर खुद को मजबूत रखना एवं परिवार का सहयोग
हालांकि यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि ये सामान्य अनुशंसाएं हैं। आपको जो विशिष्ट सावधानियां बरतनी होंगी वे आपकी व्यक्तिगत स्थिति के आधार पर अलग-अलग हो सकती है। आपके लिए क्या सही है, इसकी जानकारी के लिए अपने चिकित्सक से अवश्य बात करें।
अतः उपरोक्त शोध पत्रों एवं बयानों के आधार पर कहा जा सकता है कि यह दावा अधिकतर झूठ है क्योंकि किरण खेर ने माइक को साफ तो किया लेकिन इसके पीछे कि मंशा राजनीतिक या चुनावी माहौल से प्रेरित नहीं थी, बल्कि उनका निजी स्वास्थ्य है। हमने पहले भी चुनावी माहौल से ओत-प्रोत दावों की पड़ताल की है, जिसे आप यहां पढ़ सकते हैं।
|