schema:text
| - Fact Check : वायरल वीडियो बेंगलुरु ट्रैफिक जाम का नहीं,महाराष्ट्र का है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो महाराष्ट्र का है , जिसे बेंगलुरु का बताकर शेयर किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: May 1, 2023 at 03:40 PM
- Updated: May 1, 2023 at 05:08 PM
विश्वास न्यूज (नई दिल्ली)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो को शेयर किया जा रहा है, जिसमें कुछ लोगों को एक पाइप से निकलते देखा जा सकता है। इस वीडियो को बेंगलुरू ट्रैफिक समस्या से जोड़ते हुए शेयर किया जा रहा है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को बेंगलुरु के बेलंदूर शहर का बता रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। जांच में पता चला कि यह वीडियो महाराष्ट्र का है। जहां सड़क पर ज्यादा ट्रैफिक होने की वजह से लोग सड़क के बगल में रखे एक बड़े पाइप के अंदर से अपनी बाइक को लेकर जा रहे हैं। वायरल वीडियो का बेंगलुरु से कोई संबंध नहीं है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर अश्विनी सिंह ने 28 अप्रैल 2023 को वायरल वीडियो को शेयर किया है। यूजर ने अंग्रेजी में कैप्शन में लिखा है, “बेलंदूर में खुला भारत का पहला हाइपरलूप !!#बेंगलुरु।”
सोशल मीडिया पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है। पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखा जा सकता है।
पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स से सर्च करना शुरू किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट न्यूज 18 की वेबसाइट पर मिली। 28 अप्रैल 2023 को प्रकाशित खबर में वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट का इस्तेमाल किया गया है। दी गई जानकारी के मुताबिक, ” वायरल वीडियो महाराष्ट्र के कल्याण का है, जहां ट्रैफिक से बचने के लिए कुछ बाइक सवार पाइप के अंदर बाइक चला रहे हैं।”
सर्च के दौरान हमें वायरल वीडियो से जुड़ा ट्वीट ‘एचपी लाइव न्यूज’ के वेरिफाइड ट्विटर हैंडल पर भी मिला। 21 अप्रैल 2023 को वीडियो को ट्वीट कर लिखा गया,”ट्रैफिक से बचने के लिए बाइक सवारों ने ढूंढा अजब रास्ता, वीडियो वायरल महाराष्ट्र के कल्याण से एक वायरल वीडियो सामने आया है। जिसमें ट्रैफिक से बचने के लिए कुछ बाइक सवार पाइप के अंदर बाइक चला रहे हैं। कल्याण के शील रोड़ पर देसाई गांव में जबरदस्त ट्रैफिक जाम लगा था। ट्रैफिक से बचने के लिए बाइक सवारों ने उल्टी दिशा में एक बड़े पाइप के भीतर से बाइक चलाकर शॉर्टकट मारा। बाइक सवारों की ये गैर जिम्मेदाराना हरकत वायरल हो गई है।”
‘Vishvajeet R. Bhoir ‘ नाम के फेसबुक यूजर ने 20 अप्रैल 2023 को वायरल वीडियो को शेयर किया है। वीडियो को शेयर कर इंग्लिश में कैप्शन लिखा है। यूजर ने वीडियो को कल्याण शील रोड देसाई का बताया है। हमें विश्वजीत के फेसबुक अकाउंट पर वायरल वीडियो से जुड़ी एक और पोस्ट मिली। 21 अप्रैल 2023 को किए पोस्ट में यूजर ने लिखा है,”कल मैंने जो वीडियो पोस्ट किया था ,लोकमत कल्याण डोंबिवली द्वारा लिया गया नोटिस।लेकिन क्या इस वीडियो को देखने के बाद किसी राजनीतिक या सामाजिक नेता को कुछ नोटिस हुआ?धन्यवाद।”
वायरल वीडियो से जुड़ी अन्य खबरों को यहां पढ़ा जा सकता है। जानकारी के लिए हमने मुंबई के पत्रकार वरुण सिंह से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, “वीडियो मुंबई का है , बेंगलुरु का नहीं।”
वायरल वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर ‘अश्विनी सिंह’ की फेसबुक प्रोफाइल को स्कैन किया। इसके मुताबिक, यूजर काठमांडू ,नेपाल का रहने वाला है। फेसबुक पर यूजर के 152 मित्र हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो महाराष्ट्र का है , जिसे बेंगलुरु का बताकर शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : पाइप के अंदर से बाइक लेकर जाते लोगों का यह बेंगलुरु का है।
- Claimed By : Ashwini Singh
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
|