schema:text
| - Authors
Claim
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यमुना को साफ नहीं किया जा रहा क्योंकि इससे वोट नहीं मिलेंगे।
Fact
अरविंद केजरीवाल के अधूरे वीडियो के साथ भ्रामक दावा किया गया है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले सोशल मीडिया पर अरविंद केजरीवाल का एक वीडियो वायरल है। किसी इंटरव्यू से लिए गए इस क्लिप में केजरीवाल यह कहते दिख रहे हैं कि ‘यमुना पे वोट नहीं मिलेंगे।’ 36 सेकंड के इस क्लिप के साथ दावा किया जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यमुना को साफ नहीं किया जा रहा है, क्योंकि इससे वोट नहीं मिलेंगे।
29 दिसंबर 2024 को दिल्ली भाजपा के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से किये गए पोस्ट (आर्काइव) में अरविंद केजरीवाल के इंटरव्यू का एक वीडियो क्लिप शेयर किया है। 36 सेकंड के इस क्लिप में इंटरव्यू लेने वाला कहता है, “…जो ये इमोशनल चीजें हैं न सर कि यमुना साफ हो गई, सड़कें ठीक हो गईं… जो आदमी को सारा वक्त दिख रहा होता है, वो आदमी के दिमाग में जो सबकॉनशियसली जो नरेटिव क्रिएट करता है न, कि… जो यह बोलते हैं, वो करते हैं। आई थिंक अगर आप यमुना साफ कर देते हो न, यू विल बी वेरी अनडिफीटेबल इन डेल्ही, बिकॉज़ पीपल विल सी इट, पीपल कैन पॉइंट टू इट कि देखो साफ हो गई (तो आपको दिल्ली में कोई हरा नहीं सकता क्योंकि वो लोग देखेंगे और बोलेंगे देखो साफ हो गई), हम इतने दिनों से यहां पर झाग-झाग देखा करते थे।” इसके जवाब में अरविंद केजरीवाल कहते नजर आते हैं, “प्रखर, मैं अब थोड़ी-बहुत पॉलिटिक्स तो समझने लगा हूं, यमुना पे वोट नहीं मिलेंगे।“
इस क्लिप के साथ कैप्शन में लिखा गया है, “केजरीवाल अब थोड़ी बहुत पॉलिटिक्स समझने लगे हैं और अब इन्हें यह भी समझ आ गया कि हिंदुओं की आस्था और श्रद्धा की प्रतीक यमुना जी को साफ करने से AAP को वोट नहीं मिलेगा। गजब धूर्त आदमी है!”
ऐसे अन्य पोस्ट का आर्काइव यहाँ और यहाँ देखें।
पढ़ें: महाकुंभ 2025: क्या प्रयागराज में सम्राट हर्षवर्धन की मूर्ति की जगह लगाई गई शिवाजी की मूर्ति?
Fact Check/Verification
दावे की पड़ताल के लिए हमने वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को गूगल लेंस की मदद से खोजा। इस दौरान अरविंद केजरीवाल के वायरल क्लिप से मिलते विज़ुअल्स हमें ‘प्रखर के प्रवचन’ नामक यूट्यूब चैनल पर 27 दिसंबर 2024 को पोस्ट किये गए इंटरव्यू में नजर आये।
पूरा वीडियो देखने पर हमने पाया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे क्लिप का हिस्सा 43 मिनट 34 सेकेंड पर आता है। सवाल पूछने वाले ने कहा कि “… अगर आप यमुना साफ कर देते हो, तो आपको दिल्ली में कोई हरा नहीं सकता क्योंकि वो लोग देखेंगे और बोलेंगे … देखो साफ हो गई, हम इतने दिनों से यहां झाग-झाग देखा करते थे।” अरविंद केजरीवाल जवाब में कहते हैं “प्रखर, मैं अब थोड़ी-बहुत पॉलिटिक्स समझने लगा हूं, यमुना पे वोट नहीं मिलेंगे …” जिसके आगे वे कहते हैं “लेकिन मैं यमुना फिर भी साफ करूंगा, क्योंकि मैं यहां वोट की राजनीति करने के लिए नहीं आया। वोट की राजनीति तो ये लोग कर ही रहे थे। सत्ता से पैसा, पैसे से सत्ता तो ये कर ही रहे थे। वो मैं करने के लिए नहीं आया। मैं जब स्कूल बनवाता हूं, मैं यह नहीं देखता कि मुझे इससे वोट मिलेंगे या नहीं। मैं जब अस्पताल बनवाता हूं, मैं यह नहीं देखता कि मुझे इससे वोट मिलेंगे या नहीं… मैं काम करता हूं। मैं यहां काम करने के लिए आया हूं…”
इस इंटरव्यू में 35 मिनट पर भी केजरीवाल कहते हैं, “यमुना साफ हो सकती है और हम इसे साफ करेंगे।” जिसके बाद वे यमुना की सफाई में आ रही बाधाओं पर और आप सरकार द्वारा किए जा रहे कामों पर चर्चा करते नजर आते हैं।
ज्ञात हो कि पिछले दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने पांच सालों के अंदर यमुना नदी को साफ़ करने का वादा किया था। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 से पहले यमुना नदी को साफ ना कर पाने के कारण आप सरकार लगातार आलोचनाओं का सामना कर रही है। इस बीच ‘प्रखर के प्रवचन‘ इंटरव्यू का एक क्लिप अरविंद केजरीवाल ने भी अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर किया है। इस क्लिप में वे यमुना को साफ करने की “कार्य योजना” के बारे में विस्तार से बात करते नजर आ रहे हैं।
पढ़ें: क्या लखनऊ में हुआ बड़ा ट्रेन हादसा?
Conclusion
जांच से हम इस निष्कर्ष पर पहुँचते हैं कि अरविंद केजरीवाल का अधूरा वीडियो भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
Result: Missing Context
Sources
YouTube Video on the channel PrakharkePravachan, shared on December 27th, 2024.
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: checkthis@newschecker.in
फैक्ट-चेक और लेटेस्ट अपडेट्स के लिए हमारा WhatsApp चैनल फॉलो करें: https://whatsapp.com/channel/0029Va23tYwLtOj7zEWzmC1Z
|