| schema:text
| - Fact Check: पुष्पा-2 मूवी देखते मोदी की तस्वीर FAKE, ‘द साबरमती रिपोर्ट’ फिल्म देख रहे थे पीएम
एक पोस्ट को शेयर कर दावा किया गया कि पीएम मोदी पुष्पा-2 मूवी देखने गए हैं। जांच में वायरल दावा फर्जी निकला। तस्वीर फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ के स्क्रीनिंग की है, जब पीएम मोदी अन्य नेताओं और सांसदों के साथ फिल्म की स्क्रीनिंग पर पहुंचे थे। फोटो को अब गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Dec 18, 2024 at 05:56 PM
- Updated: Dec 19, 2024 at 11:36 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। फिल्म पुष्पा-2 ने कमाई के मामले में कई बड़ी फिल्मों को पछाड़ दिया है। दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, पुष्पा- 2 ने करीब 1450.38 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, जेपी नड्डा समेत कई अन्य मंत्री नजर आ रहे हैं। कुछ यूजर्स इस तस्वीर को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पुष्पा-2 फिल्म देखने गए हैं।
विश्वास न्यूज ने जांच में वायरल दावे को फर्जी पाया है। वायरल पोस्ट में इस्तेमाल की गई तस्वीर फिल्म पुष्पा-2 की नहीं है। यह फोटो फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ की स्क्रीनिंग के दौरान की है,जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अन्य सभी मंत्रियों के साथ यह फिल्म देखी थी। उसी तस्वीर को अब पुष्पा-2 फिल्म की बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
वायरल पोस्ट में क्या है?
फेसबुक यूजर ‘Mohammad Imran Khan’ ने 17 दिसंबर (आर्काइव लिंक ) को पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा,”Mr Prime minister kaas aap Jawan vi dekh liyeh hote …Toh aaj india me naukari hospital education ka problem hi nahi hota ”
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इस पोस्ट को समान दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।
पड़ताल
वायरल दावे की पड़ताल के लिए हमने संबंधित कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई भी विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने फोटो को गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। हमें तस्वीर से जुड़ी खबर indiatv.in की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 2 दिसंबर 2024 को प्रकाशित किया गया है। रिपोर्ट में दी गई जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बालयोगी ऑडिटोरियम में फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ देखी। इस दौरान उनके साथ अन्य मंत्री भी मौजूद थे। स्क्रीनिंग के समय फिल्म के कलाकार भी शामिल हुए थे।
सर्च के दौरान वायरल तस्वीर से जुड़ी खबर इंग्लिश जागरण की वेबसाइट पर मिली। 2 दिसंबर 2024 को प्रकाशित खबर में बताया गया, “विक्रांत मैसी, राशि खन्ना और रिद्धि डोगरा अभिनीत फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ की स्क्रीनिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अन्य मंत्रियों और सांसदों के साथ फिल्म देखने पहुंचे। उन्होंने मूवी की सराहना भी की।”
इस स्क्रीनिंग की तस्वीरों को पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया है। 2 दिसंबर 2024 को किए गए पोस्ट में इसे ‘द साबरमती रिपोर्ट’ फिल्म की स्क्रीनिंग का बताया गया है।
एक्टर विक्रांत मैसी ने भी इस स्क्रीनिंग की तस्वीरों को शेयर 2 दिसंबर 2024 को अपने वेरिफाइड इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है।
वायरल तस्वीर से जुड़ी अन्य न्यूज रिपोर्ट्स यहां देखी जा सकती है।
हमने पोस्ट को मुंबई स्थित सीनियर एंटरटेनमेंट जर्नलिस्ट पराग छापेकर के साथ शेयर किया। उन्होंने बताया कि ये तस्वीर ‘साबरमती रिपोर्ट’ फिल्म के दौरान की है। पुष्पा-2 फिल्म को लेकर ऐसी कोई खबर नहीं आई है।
अंत में हमने वायरल पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। यूजर के फेसबुक पर 476 मित्र हैं। यूजर ने स्वयं को कोलकाता का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: एक पोस्ट को शेयर कर दावा किया गया कि पीएम मोदी पुष्पा-2 मूवी देखने गए हैं। जांच में वायरल दावा फर्जी निकला। तस्वीर फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ के स्क्रीनिंग की है, जब पीएम मोदी अन्य नेताओं और सांसदों के साथ फिल्म की स्क्रीनिंग पर पहुंचे थे। फोटो को अब गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पुष्पा 2 फिल्म देखने गए
- Claimed By : फेसबुक यूजर - Mohammad Imran Khan’
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
|