| schema:text
| - Fact Check: यह तस्वीर जम्मू नेशनल हाईवे की नहीं, दक्षिण कोरिया के ओवरब्रिज की है
सोशल मीडिया पर पहाड़ों के बीच से गुजरते एक ओवरब्रिज की तस्वीर को जम्मू नेशनल हाईवे का बताकर शेयर किया जा रहा है। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर अन्य देशों के नाम से भी वायरल है। लेकिन वास्तव में यह दक्षिण कोरिया में बने ओवरब्रिज की तस्वीर है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Dec 19, 2024 at 04:13 PM
- Updated: Dec 19, 2024 at 05:48 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर पहाड़ों के बीच से गुजर रहे राजमार्ग या हाईवे की तस्वीर वायरल हो रही है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि जम्मू नेशनल हाईवे की तस्वीर है, जो कश्मीर घाटी को भारत के अन्य हिस्सों से जोड़ती है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल हो रही तस्वीर जम्मू-नेशनल हाईवे की नहीं, बल्कि दक्षिण कोरिया में बने ओवरब्रिज की है, जिसे भारत के नाम पर भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Rttr Rreff’ ने वायरल पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर किया है, जिस पर लिखा हुआ है, “JAMMU NATIONAL HIGHWAY….CONNECTING KASHMIR VALLEY WITH THE REST OF INDIA.”
(“जम्मू नेशनल हाईवे….कश्मीर घाटी को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाली (सड़क)”)
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस तस्वीर को समान दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल तस्वीर के ऑरिजिनल स्रोत को ढूंढने के लिए हमने रिवर्स इमेज सर्च की मदद ली और सर्च में हमें यह तस्वीर कई अलग-अलग देशों (नेपाल, पाकिस्तान और अन्य) के नाम से वायरल हुई मिली।
एडवांस्ड सर्च में हमें यह तस्वीर एक आर्काइव की हुई पोस्ट में लगी मिली, जिसे 10 अक्तूबर 2016 को अपलोड किया गया है। दी गई जानकारी के मुताबिक, यह तस्वीर दक्षिण कोरिया के गैंगवॉन प्रांत के होएंगसेओंग काउंटी की है।
इसी आधार पर गूगल ट्रांसलेट की मदद से कोरियाई भाषा में इस ब्रिज के नाम से सर्च किया और हमें एक यू-ट्यूब चैनल पर इस ब्रिज का एरियल व्यू मिला, जिसमें दी गई जानकारी के मुताबिक, यह पुल गैंगवॉन प्रांत के होएंगसेओंग में मौजूद है।
इस पुल का निर्माण मेरिट्ज नाम की कंपनी ने किया है। मेरिट्ज, दक्षिण कोरियाई कंपनी है, जिसकी कई सहायक कंपनियां हैं और यह कई व्यवसायों में शामिल है। गूगल मैप पर भी हमें इस ब्रिज का लोकेशन और स्ट्रीट व्यू मिला, जो दक्षिण कोरिया में इसके होने की पुष्टि करता है।
हमारी जांच से स्पष्ट है कि वायरल ओवरब्रिज की तस्वीर जम्मू-कश्मीर की नहीं, बल्कि दक्षिण कोरिया की है। morth.nic.in की वेबसाइट पर हमें जम्मू-कश्मीर में नेशनल हाईवे के अलग-अलग निर्माणाधीन और पूरा हो चुके प्रोजेक्ट की जानकारी मिली, जिसमें नजर आ रही तस्वीरें वायरल तस्वीर से मिलती-जुलती हैं।
हालांकि, वायरल तस्वीर जम्मू-कश्मीर के संबंधित नहीं है। वायरल पोस्ट को लेकर हमने जम्मू-कश्मीर में दैनिक जागरण के संवाददाता नवीन नवाज से संपर्क किया और उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “यह तस्वीर जम्मू-कश्मीर से संबंधित नहीं है।”
वायरल तस्वीर को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर ने अपनी प्रोफाइल में स्वयं को डिजिटल क्रिएटर बताया है। जम्मू-कश्मीर से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: दक्षिण कोरिया में बने ओवरब्रिज की तस्वीर को जम्मू नेशनल हाईवे के नाम पर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। यह तस्वीर पाकिस्तान, नेपाल, इंडोनेशिया समेत अन्य देशों के नाम पर समान संदर्भ में वायरल होता रहा है।
- Claim Review : जम्मू नेशनल हाईवे की तस्वीर।
- Claimed By : FB User-Rttr Rreff
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
|