| schema:text
| - कुछ लोगों को गिरफ्तार करती पुलिस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर इस दावे से वायरल है कि ये कॉमेडियन समय रैना और पॉडकास्टर रणवीर अलाहाबादिया की गिरफ्तारी का है. वीडियो शेयर करने वाले यूजर्स ने दावा किया है कि पुलिस ने दोनों को उनके घर से गिरफ्तार किया.
ये दावा समय रैना के शो India’s Got Latent में रणवीर अलाहाबादिया की आपत्तिजनक टिप्पणी पर हुए विवाद के बाद आया है.
क्या ये दावा सच है?: नहीं, ये दावा गलत है.
ये वीडियो साल 2023 का है और इसमें ग्रेटर नोएडा की एक सोसाइटी में पार्किंग को लेकर हुए विवाद को दिखाया गया है.
सुप्रीम कोर्ट ने रणवीर अलाहाबादिया को उनके खिलाफ दर्ज FIR में अंतरिम सुरक्षा प्रदान की है. वहीं महाराष्ट्र साइबर सेल ने रैना की उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने दूसरी जगह से बयान दर्ज कराने की मांग की थी. दोनों की उनके घर से गिरफ्तारी की पुष्टि करती कोई रिपोर्ट नहीं है.
हमें जांच में क्या मिला?: सबसे पहले, हमने अलाहाबादिया और रैना के खिलाफ दर्ज केस के अपडेट्स देखे.
द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने अलाहाबादिया को उनके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में दर्ज सभी एफआईआर पर अंतरिम सुरक्षा दी है.
इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबिक, महाराष्ट्र साइबर सेल ने रैना की उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने वीडियो कॉल पर बयान दर्ज करने की मांग की थी. समय रैना 17 मार्च तक अमेरिका में हैं.
ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं है जिससे ये पता चलता हो कि दोनों को उनके घर से गिरफ्तार किया गया है.
इसके बाद, हमने वीडियो को अलग-अलग स्क्रीनशॉट्स में बांटा और उनमें से कुछ पर गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया.
रिवर्स इमेज सर्च के रिजल्ट से हमें द टाइम्स ऑफ इंडिया की अगस्त 2023 की एक रिपोर्ट मिली, जिसकी कवर इमेज वायरल क्लिप के फ्रेम्स से मेल खा रही थी.
रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा की एक सोसइटी में पार्किंग स्पेस को लेकर दो गुटों में लड़ाई हो गई थी. मामला बढ़ने पर पुलिस ने काम में बाधा डालने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था.
NDTV और इंडिया टुडे ने भी अगस्त 2023 में इस मामले पर रिपोर्ट की थी. उन्होंने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि पुलिस मामले की जांच कर रही थी.
निष्कर्ष : सोशल मीडिया पर गलत दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो रणवीर अलाहाबादिया और समय रैना की गिरफ्तारी का है.
(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है, तो पड़ताल के लिए हमारे वॉट्सऐप नंबर 9540511818 या फिर मेल आइडी webqoof@thequint.com पर भेजें. सच हम आपको बताएंगे. हमारी बाकी फैक्ट चेक स्टोरीज आप यहां पढ़ सकते हैं.)
(At The Quint, we question everything. Play an active role in shaping our journalism by becoming a member today.)
|