यूपी में पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है
कुशीनगर पुलिस ने इस संबंध में बताया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले वास्तविक आरोपी की गिरफ्तारी हो गई है, जिसका नाम सुरेंद्र सिंह है.
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का वीभत्स मामला सामने आया है. कई न्यूज वेबसाइट तथा सोशल मीडिया यूजर्स ने इस घटना को सांप्रदायिक रंग देते हुए साझा किया और दावा किया कि कुशीनगर के तरयासुजान थाना क्षेत्र में बच्ची के साथ स्कूल के हेडमास्टर नईमुद्दीन अंसारी ने दुष्कर्म किया.
हालांकि बूम ने पड़ताल के दौरान पाया कि घटना में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है. कुशीनगर पुलिस के मुताबिक वास्तविक आरोपी का नाम सुरेंद्र सिंह है. कुशीनगर पुलिस ने बूम से बताया कि शुरुआती शक के आधार पर हेडमास्टर नईमुद्दीन से पूछताछ हुई थी लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया था.
प्रारंभिक जांच के आधार पर किया गया सांप्रदायिक दावा
घटना की शुरुआती जांच के आधार पर न्यूज पोर्टल ऑपइंडिया, रिपब्लिक भारत समेत कई वेबसाइट और सोशल मीडिया यूजर्स ने लिखा कि उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाली 5 साल की मासूम बच्ची के साथ स्कूल के मैनेजर नईमुद्दीन ने दुष्कर्म किया. आर्काइव लिंक यहां और यहां देखें.
पड़ताल: घटना में सांप्रदायिक एंगल नहीं है
पड़ताल के दौरान हमें घटना से जुड़ी दैनिक भास्कर और नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट मिली. रिपोर्ट के मुताबिक कुशीनगर जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में असली आरोपी का नाम सुरेंद्र सिंह है, जिसे कुशीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
घटना 10 अप्रैल 2026 की है, जब पांच वर्षीय बच्ची स्कूल से लौटते समय घर न जाकर पास के बगीचे में आम बीनने चली गई. इसी दौरान वहां मौजूद सुरेंद्र सिंह ने आम का लालच देकर बच्ची को अपने पास बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया. चूंकि आरोपी पहले से परिचित था इसलिए बच्ची उसके पास चली गई.
परिजनों ने जब देखा कि बच्ची के प्राइवेट पार्ट से खून आ रहा है तो वे उसे पास के प्राथमिक उपचार केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया. जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने आशंका जताई कि बच्ची के साथ कुछ गलत हुआ है.
शुरुआत में नईमुद्दीन पर परिजनों ने जताया शक
शुरुआत में बच्ची के पिता ने थाने में दी गई तहरीर में प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक नईमुद्दीन अंसारी पर संदेह जताया था. कुछ रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि पुलिस ने दबाव में आकर नईमुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया. बाद में पूछताछ में पाया गया कि प्रधानाध्यापक निर्दोष हैं और असली आरोपी सुरेंद्र सिंह है. जांच के बाद पुलिस ने प्रधानाध्यापक को क्लीन चिट दे दी.
पुलिस ने सुरेंद्र सिंह के खिलाफ POCSO एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया.
कुशीनगर पुलिस ने किया वायरल दावे का खंडन
कुशीनगर पुलिस ने इस संबंध में अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए बताया कि तरयासुजान थाना क्षेत्र में 5 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले वास्तविक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया. इस पोस्ट में भी अभियुक्त का नाम सुरेंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय रामरतन सिंह बताया गया.
हमने घटना की जानकारी के लिए तरयासुजान थाने में संपर्क किया. थाने के एसएचओ राम सहाय चौहान ने वायरल दावे का खंडन करते हुए बताया कि इस घटना में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है. आरोपी और पीड़िता एक ही समुदाय से हैं.
उन्होंने पूरा घटनाक्रम बताते हुए कहा, "घटना 10 अप्रैल की है. करीब 11 बजे लंच के समय बच्ची घर ना जाकर आगे आम के बगीचे में चली गई, जहां आरोपी सुरेंद्र सिंह मौजूद था. सुरेंद्र का पहले से बच्ची के घर आना-जाना था इसलिए उसके बुलाने पर वह उसके पास चली गई."
उन्होंने आगे कहा, "चूंकि किसी को यह पता नहीं था कि बच्ची स्कूल से आम बीनने बगीचे में चली गई थी, इसलिए परिजनों को स्कूल के हेडमास्टर पर शक हुआ और उन्होंने नईमुद्दीन का नाम लिया. नाम सामने आने पर उन्हें पूछताछ के लिए थाने लाया गया था लेकिन बाद की जांच-पड़ताल में स्पष्ट हुआ कि असली आरोपी सुरेंद्र सिंह है."