Fact Check : मल्लिकार्जुन खरगे ने मुसलमानों को लेकर नहीं दिया वायरल बयान, फर्जी पोस्ट वायरल
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। मल्लिकाअर्जुन खरगे ने मुसलमानों को लेकर वायरल बयान नहीं दिया।
By: Ashish Maharishi
-
Published: Dec 10, 2025 at 04:56 PM
-
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। संसद के शीतकालीन सत्र में वंदे मातरम् की 150वीं सालगिरह पर बहस के दौरान राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने 9 दिसंबर 2025 को अपनी बात रखी। अब खरगे के बयान के नाम पर एक पोस्ट वायरल की जा रही है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं ।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। यह फर्जी साबित हुई। कांग्रेस के वर्तमान अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मुसलमानों को लेकर ऐसा कोई बयान नहीं दिया है, जैसा कि वायरल पोस्ट में दावा किया गया है। यह फर्जी पोस्ट है।
क्या हो रहा है वायरल
सोशल मीडिया पर एक फेसबुक यूजर ने 9 दिसंबर को एक पोस्ट शेयर किया। इसमें मल्लिकार्जुन खरगे की तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए दावा किया गया, “मरती हुई कांग्रेस को बचाना मुसलमानों का परम कर्तव्य है। क्योंकि कांग्रेस उन्हीं की चिंता में मरी जा रही है : मल्लिकार्जुन खरगे।”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों का ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। वायरल पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच करने के लिए सबसे पहले कीवर्ड सर्च के जरिए गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल करते हुए संबंधित खबरों को खोजने का प्रयास किया। हमें एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जो इस दावे की पुष्टि कर सके कि मल्लिकार्जुन खरगे ने कभी ऐसा कोई बयान दिया है।
जांच को आगे बढ़ाते हुए संसद में मल्लिकार्जुन के बयान को सर्च किया। हमें संसद टीवी के यूट्यूब चैनल पर इनका पूरा बयान मिला। 9 दिसंबर को मल्लिकार्जुन ने वंदे मातरम पर विस्तार से अपनी बात रखी। इसमें भी उन्होंने ऐसी कोई बात नहीं कही, जैसा कि वायरल पोस्ट में दावा किया गया था।
खरगे के नाम पर वायरल पोस्ट के ऊपर हमारा भारत लिखा हुआ था। इसके आधार पर हमने इस नाम के फेसबुक पेज को सर्च किया। हमें पता चला कि इस पेज पर वायरल ग्राफिक्स जैसे कंटेंट पोस्ट किए जाते हैं। सर्च करने पर हमें मल्लिकार्जुन खरगे से जुड़ी असली पोस्ट मिली। 8 नवंबर की इस पोस्ट में खरगे ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए घुसपैठिए के सवाल को उठाया था।
वायरल और असली पोस्ट को नीचे देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के सदस्य गिरीश कुमार से संपर्क किया। उनके साथ मल्लिकार्जुन खरगे के नाम पर वायरल पोस्ट को शेयर किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कभी भी ऐसा कोई बयान नहीं दिया है, जैसा कि वायरल पोस्ट में दावा किया गया है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। मल्लिकार्जुन खरगे ने मुसलमानों को लेकर वायरल बयान नहीं दिया।
Claim Review : कांग्रेस अध्यक्ष ने दिया मुसलमानों को लेकर बयान
-
Claimed By : FB Group
-
Fact Check : झूठ
-
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...