Fact Check : मनमोहन सिंह के कार्यकाल के बाद का है वायरल वीडियो, 2017 में श्रीलंका के पीएम ने की थी सोनिया और पूर्व पीएम से मुलाकात
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। पता चला कि वर्ष 2017 के वीडियो को गलत संदर्भ के साथ शेयर किया गया।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Jan 3, 2025 at 03:51 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 26 दिसंबर 2024 को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। 28 दिसंबर को उनका दिल्ली के निगमबोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अब सोशल मीडिया पर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और डॉ. मनमोहन सिंह का एक पुराना वीडियो वायरल करके उन पर निशाना साधा जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। पता चला कि वर्ष 2017 के वीडियो को गलत संदर्भ के साथ शेयर किया गया। उस वक्त सोनिया गांधी कांग्रेस की अध्यक्ष थीं। डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री के पद पर नहीं थे। विश्वास न्यूज एक बार पहले भी वायरल वीडियो की सच्चाई सामने ला चुका है।
क्या हो रहा है वायरल
Devashish Ajitkumar Bhattacharya नाम के एक फेसबुक यूजर ने 31 दिसंबर को एक वीडियो को अपलोड करते हुए दावा किया, “नहीं, यह फिल्म “द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर” का दृश्य नहीं है…यह वास्तव में हुआ था। प्रथम सिख प्रधानमंत्री का अपमान।”
वीडियो के ऊपर अंग्रेजी में लिखा गया, “Those who believe that Manmohan Singh was the Prime Minister of India for 10 years must watch this 30 second video four times.”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इस पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां क्लिक कर देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज पहले भी वायरल वीडियो की विस्तार से पड़ताल कर चुका है। इसके लिए सबसे पहले वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले गए। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल में अपलोड करके सर्च किया गया। हमें वायरल वीडियो का मिलता जुलता वीडियो एक यूट्यूब चैनल पर मिला।
NNIS–News नाम के यूट्यूब चैनल पर इस वीडियो को 26 अप्रैल 2017 को अपलोड किया गया। इसमें बताया गया कि श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने विपक्षी पार्टी की नेता सोनिया गांधी और पूर्व भारतीय प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह से मुलाकात की थी। गौरतलब है कि उस वक्त डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री नहीं थे। सोनिया गांधी पार्टी की अध्यक्ष थीं।
जांच को आगे बढ़ाते हुए गूगल ओपन सर्च टूल की मदद ली गई। सर्च करने पर हमें न्यूज एजेंसी एएनआई के आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट मिली। इसे 26 अप्रैल 2017 को किया गया था। इसमें बताया गया कि रानिल विक्रमसिंघे, मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी के बीच हुई मुलाकात हुई। पोस्ट में मौजूद तस्वीर वायरल वीडियो जैसी ही हैं।
पिछली पड़ताल के दौरान विश्वास न्यूज ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य बीपी सिंह से संपर्क किया था। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया था कि यह वीडियो तबका है, जब डॉक्टर मनमोहन सिंह पीएम नहीं थे।
जांच के अंत में भ्रामक पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि Devashish Ajitkumar Bhattacharya नाम का यह अकाउंट मार्च 2009 को बनाया गया था। इसे चार हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। वायरल वीडियो उस वक्त का है, जब डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री पद से हट चुके थे। सोनिया गांधी पार्टी की अध्यक्ष थीं। 2017 में श्रीलंका के तत्कालीन पीएम रानिल विक्रमसिंघे अपनी भारत यात्रा के दौरान पूर्व पीएम मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी से मिले थे।
- Claim Review : सोनिया गांधी ने किया प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अपमान
- Claimed By : FB User Devashish Ajitkumar Bhattacharya
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...