Fact Check: राजस्थान के फतेहपुर में एक साल पहले हुए सड़क हादसे का वीडियो अब वायरल
राजस्थान के फतेहपुर में अप्रैल 2024 में सड़क हादसे में कुछ लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना के वीडियो को हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है।
By: Sharad Prakash Asthana
-
Published: Apr 19, 2025 at 05:33 PM
-
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। फतेहपुर से जोड़कर एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। इसमें जलती हुई गाड़ियों को बुझाते हुए पुलिस और दमकलकर्मियों को देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि फतेहपुर में सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि राजस्थान के सीकर के फतेहपुर में अप्रैल 2024 में कार और ट्रक की टक्कर में कुछ लोगों की मौत हो गई थी। उस हादसे के वीडियो को हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है।
वायरल पोस्ट
एक्स यूजर Adv.Nazneen Akhtar ने 18 अप्रैल को वीडियो को फतेहपुर का बताते हुए शेयर (आर्काइव लिंक) किया है।
फेसबुक यूजर Arif Khan ने भी 18 अप्रैल को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,
“फतेहपुर में हुआ खतरनाक एक्सीडेंट, 7 लोग ज़िन्दा जल गए, जिसमें तीन महिलाएं दो पुरुष दो बच्चे भी थे”
पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। 14 अप्रैल 2024 को एनडीटीवी राजस्थान के यूट्यूब चैनल पर इसके वीडियो न्यूज को अपलोड किया गया है। इसमें वायरल वीडियो के हिस्से को भी देखा जा सकता है। इसके अनुसार, सीकर के फतेहपुर में कार और ट्रक की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई।
15 अप्रैल 2024 को न्यूज 24 के यूट्यूब चैनल पर भी इस हादसे से संबंधित वीडियो न्यूज को अपलोड किया गया है। इसके मुताबिक, राजस्थान के सीकर में सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी। सीकर में फतेहपुर बाईपास पर यह हादसा हुआ है। सभी मृतक मेरठ के रहने वाले थे और बालाजी के दर्शन करके लौट रहे थे। इनमें दो बच्चे और तीन महिलाएं भी थे।
14 अप्रैल को इंडिया टीवी न्यूज की वेबसाइट पर भी इससे संबंधित खबर को देखा जा सकता है। इस हादसे में छह लोगों की मौत की जानकारी दी गई है।
इस बारे में हमने राजस्थान के स्थानीय पत्रकार संतोष पांडेय से संपर्क किया। उनका कहना है कि यह वीडियो एक साल पहले हुए हादसे का है। हाल-फिलहाल सीकर में ऐसा कोई हादसा नहीं हुआ है।
पुराने वीडियो शेयर करने वाली एक्स यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के करीब 92 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: राजस्थान के फतेहपुर में अप्रैल 2024 में सड़क हादसे में कुछ लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना के वीडियो को हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है।
Claim Review : फतेहपुर में सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई।
-
Claimed By : X User- Adv.Nazneen Akhtar
-
Fact Check : भ्रामक
-
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...