Fact Check: नीतीश कुमार के बीजेपी से अलग होने का वीडियो दो साल पुराना, भ्रामक दावे से किया जा रहा शेयर
- By: Pragya Shukla
- Published: Jan 2, 2025 at 01:50 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बीजेपी के बीच अनबन की अटकलें सामने आ रही हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर नीतीश कुमार का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें कहते हुए सुना जा सकता है कि वो एनडीए छोड़ रहे हैं। वीडियो को हाल का बताते हुए बिहार के आने वाले विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल पोस्ट गलत है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2022 का है। जब वो एनडीए गठबंधन का साथ छोड़कर इंडी गठबंधन से जुड़ गए थे।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘आरके सिंह आनंद’ ने 31 दिसंबर 2024 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “चाचा की हेडलाइन आ गई पहली बार मोदी जी का कॉल नहीं उठा रहें।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो को गौर से देखा। हमने पाया कि वीडियो पर आजतक न्यूज चैनल का लोगो लगा हुआ है। पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने आजतक के यूट्यूब चैनल को खंगालना शुरू किया। हमें असली वीडियो आजतक के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 9 अगस्त 2022 को अपलोड किया गया था। वायरल वीडियो वाले हिस्से को 5.55 मिनट से देखा जा सकता है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट एबीपी न्यूज की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 9 अगस्त 2022 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, नीतीश कुमार ने बीजेपी के साथ गठबंधन तोड़ने के बाद कहा था कि उन्होंने सभी की सहमति से इस गठबंधन को तोड़ा है। अब वो इंडी महागठबंधन के साथ जुड़कर सरकार बनाएंगे।
अधिक जानकारी हासिल करने के लिए हमने दैनिक जागरण पटना के चीफ रिपोर्टर जितेंद्र कुमार से बातचीत की। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा भ्रामक है। यह वीडियो करीब दो साल पुराना है। उस दौरान उन्होंने बीजेपी से गठबंधन तोड़कर इंडी गठबंधन के साथ फिर से सरकार बनाई थी।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को सात सौ से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल पोस्ट गलत है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2022 का है। जब वो एनडीए गठबंधन का साथ छोड़कर इंडी गठबंधन से जुड़ गए थे।
- Claim Review : नीतीश कुमार ने बीजेपी का साथ छोड़ा।
- Claimed By : FB User R. K. Singh Anand
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...