| schema:text
| - Fact Check: जश्न में डांस कर रहा व्यक्ति हेमंत सोरेन नहीं, उनका हमशक्ल जसबीर जेम्स लकड़ा है
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के डांस करने के दावे से वायरल वीडियो में नजर आ रहा व्यक्ति उनकी तरह दिखने वाला हमशक्ल जसबीर जेम्स लकड़ा हैं। लकड़ा के पारिवारिक समारोह के वीडियो को हेमंत सोरेन का बताकर वायरल किया जा रहा है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Jan 3, 2025 at 04:41 PM
- Updated: Jan 3, 2025 at 04:55 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नए साल के जश्न मनाए जाने से संबंधित कई वायरल वीडियो के बीच सोशल मीडिया यूजर्स एक क्लिप को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि इसमें नजर आ रहे व्यक्ति झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं, जिन्हें नए साल की पार्टी के मौके पर झूमते हुए देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। वायरल वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति हेमंत सोरेन के हमशक्ल जसबीर जेम्स लकड़ा हैं।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Innōcēnt Ankiitt’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “पिछले कार्यकाल में रोजगार की बौछार करने के बाद #JSSC और #JPSC की कलेंडर जारी कर अपने वायदे को पूरा करने के पश्चात खुशी जाहिर करते हुए।#हिम्मत_वाली_सरकार #CM #HemantSoren #100k”
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो में अन्य लोगों के साथ डांस करते हुए व्यक्ति के हेमंत सोरेन होने का दावा किया जा रहा है, वह कई अन्य फ्रेम में हेमंत सोरेन जैसे दिखाई देते हैं।
वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें ‘sigmale24’ इंस्टाग्राम यूजर की प्रोफाइल से साझा किया हुआ समान वीडियो मिला, जो वायरल वीडियो के मुकाबले ज्यादा साफ और स्पष्ट है।
इस वीडियो को साझा करते हुए यूजर ने लिखा है, “19-20 का ही फर्क है।” यानी वीडियो में नजर आ रहा व्यक्ति हेमंत सोरेन नहीं, बल्कि उनकी तरह दिखने वाला कोई व्यक्ति है।
इसी आधार पर की-वर्ड सर्च करने पर हमें वन इंडिया हिंदी की आधिकारिक वेबसाइट पर तीन महीने पहले अपलोड किया हुआ वीडियो मिला, जिसमें हेमंत सोरेन के साथ उनके हमशक्ल की मौजूदगी है।
हेमंत सोरेन के आधिकारिक एक्स हैंडल पर 25 सितंबर 2024 को शेयर किया हुआ पोस्ट मिला, जिसमें हेमंत सोरेन को उनके हमशक्ल के साथ देखा जा सकता है।
पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा गया है, “एक हेमन्त की दूसरे हेमन्त से मुलाक़ात। रंगमंच के सधे हुए कलाकार श्री मुन्ना लोहरा एवं उनके परिवार से मुलाकात एवं लंबी बातचीत हुई।”
हालांकि, वायरल वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति का विजुअल हेमंत सोरेन की पोस्ट में नजर आ रहे व्यक्ति के साथ मेल नहीं खाता है।
इंडिया टीवी ने अपनी फैक्ट चेक रिपोर्ट (आर्काइव लिंक) में भी इस व्यक्ति को मुन्ना लोहरा बताया है।
इसलिए हमने इस वीडियो क्लिप को लेकर झारखंड के स्वतंत्र पत्रकार आनंद दत्त से संपर्क किया और उन्होंने बताया कि इसमें नजर आ रहे व्यक्ति हेमंत सोरेन के हमशक्ल ही हैं, लेकिन “मुन्ना लोहरा नहीं, बल्कि जसबीर जेम्स लकड़ा हैं।”
दत्ता के जरिए हमने लकड़ा से संपर्क किया और उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि इसमें नजर आ रहे व्यक्ति वह ही हैं। उन्होंने कहा, “ये रांची में मेरे बड़े भाई की शादी की 25वीं सालगिरह के जश्न से संबंधित है।”
लकड़ा ने हमारे साथ एक यू-ट्यूब चैनल का लिंक भी शेयर किया है, जिसमें उनका इंटरव्यू है।
वायरल वीडियो को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब चार हजार लोग फॉलो करते हैं। हेमंत सोरेन से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज के चुनाव और पॉलिटिक्स सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के डांस करने के दावे से वायरल वीडियो में नजर आ रहा व्यक्ति उनकी तरह दिखने वाला हमशक्ल जसबीर जेम्स लकड़ा हैं। लकड़ा के पारिवारिक समारोह के वीडियो को हेमंत सोरेन का बताकर वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : पार्टी में डांस करते झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन।
- Claimed By : FB User-Innōcēnt Ankiitt
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
|