Fact Check: मुजफ्फरनगर में युवती से छेड़छाड़ मामले में कोई सांप्रदायिक पहलू नहीं, दावा बेबुनियाद
मुजफ्फरनगर में एक युवक ने युवती से सरेराह छेड़छाड़ की थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया था। आरोपी का नाम रोहित था। वीडियो के साथ गलत सांप्रदायिक दावा किया जा रहा है।
By: Sharad Prakash Asthana
-
Published: Feb 12, 2025 at 05:18 PM
-
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर की एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें दो वीडियो को शेयर किया जा रहा है, जिसमें एक में पुलिस को एक युवक को सहारा देकर ले जाते हुए देखा जा सकता है, जबकि दूसरे में एक युवक युवती से छेड़छाड़ करते दिख रहा है। कुछ यूजर्स दोनों वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि मुजफ्फरनगर में पुलिस ने मुस्लिम युवक को युवती से छेड़छाड़ करने पर सबक सिखाया।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि मुजफ्फरनगर में युवती से छेड़छाड़ के आरोपी का नाम रोहित है। उसके मुस्लिम होने का दावा गलत है।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Gaurav Bhardwaj ने 6 फरवरी को दोनों वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,
“उत्तर प्रदेश मुज्जफरनगर वाले पांच वक्त के नमाज़ी भाई जान
लड़की छेड़ने के बाद, लड़की छेड़ते हुएं“
(लड़की की पहचान छुपाने के उद्देश्य से हम पोस्ट का लिंक नहीं दे रहे हैं)
पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। आजतक के फेसबुक पेज पर 6 फरवरी को वायरल वीडियो अपलोड किया गया है। इसके साथ में जानकारी दी गई है कि मुजफ्फरनगर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें युवक बीच सड़क पर युवती से छेड़छाड़ करता नजर आ रहा है। युवती आरोपी के चंगुल से खुद को छुड़ाकर भागती हुई भी दिखती है। आरोपी का नाम रोहित है।
मुजफ्फरनगर पुलिस के एक्स अकाउंट से 5 फरवरी को इस बारे में पोस्ट की गई है। इसमें वायरल वीडियो और पुलिस की गिरफ्त में आरोपी की तस्वीर को पोस्ट करने के साथ ही पुलिस अधिकारी का बयान भी अपलोड किया गया है। पोस्ट में जानकारी दी गई है कि आरोपी रोहित पुत्र समय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
6 फरवरी को मुजफ्फरनगर पुलिस के एक्स अकाउंट से इस मामले से संबंधित अखबार में छपी खबर की कटिंग भी शेयर की गई है। इसमें भी आरोपी का नाम रोहित दिया गया है।
दैनिक जागरण के मुजफ्फरनगर संस्करण में छपी खबर में भी आरोपी का नाम रोहित दिया गया है।
इस बारे में सीओ नई मंडी रूपाली राय का कहना है कि इस मामले में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है। आरोपी का नाम रोहित है।
दैनिक जागरण मुजफ्फरनगर के ब्यूरो चीफ आनंद प्रकाश ने भी कहा कि इस मामले में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं था। आरोपी हिंदू है।
मामले को सांप्रदायिक रंग देकर शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के करीब 13 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: मुजफ्फरनगर में एक युवक ने युवती से सरेराह छेड़छाड़ की थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया था। आरोपी का नाम रोहित था। वीडियो के साथ गलत सांप्रदायिक दावा किया जा रहा है।
Claim Review : मुजफ्फरनगर में पुलिस ने मुस्लिम युवक को युवती से छेड़छाड़ करने पर सबक सिखाया।
-
Claimed By : FB User- Gaurav Bhardwaj
-
Fact Check : झूठ
-
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...