| schema:text
| - Fact Check: प्रयागराज महाकुंभ का नहीं, आग से करतब दिखाते व्यक्ति का यह वीडियो चीन का है
आग से करतब दिखाते शख्स का यह वीडियो प्रयागराज महाकुंभ का नहीं है। वायरल वीडियो चीन के ‘फायर पॉट परफॉरमेंस का है। जिसे अब प्रयागराज महाकुंभ से जोड़कर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है। वीडियो का प्रयागराज या भारत से कोई संबंध नहीं है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Jan 8, 2025 at 03:47 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक शख्स को सड़क पर आग से करतब दिखाते हुए देखा जा सकता है। अब कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो प्रयागराज महाकुंभ का है। कई यूजर्स इस वीडियो को प्रयागराज का समझकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने जांच में वायरल दावे को फर्जी पाया। यह वीडियो प्रयागराज का नहीं है, बल्कि चीन का है। दरअसल फायर पॉट परफॉर्मेंस चीन की एक परंपरा है, जिसमें कलाकार चिंगारी पैदा करने के लिए लोहे के जालों को गर्म कोयले से हिलाते हैं। कुछ लोग चीन के वीडियो को भारत का बताकर शेयर कर रहे हैं।
क्या है वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Sanjeev Awasthi ने (आर्काइव लिंक) 7 जनवरी 2025 को वीडियो को शेयर कर लिखा है,”प्रयागराज में इस बार का कुंभ ऐतिहासिक है ,
तो प्रयास करें इस महाकुंभ में सम्मिलित होने का और कुछ अनोखी यादें संजोने का …हर हर महादेव “
पड़ताल
हमने सबसे पहले वायरल वीडियो को ध्यान से देखा। वीडियो में कई जगह हमें किसी अन्य भाषा में लिखा हुआ नजर आया। जिससे साफ है कि यह वीडियो भारत का नहीं है। अपनी जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो The Viral Videos के आधिकारिक एक्स हैंडल पर मिला। वीडियो को 21 सितंबर 2024 को शेयर किया है। कैप्शन में दी गई जानकारी के अनुसार, यह वीडियो चीन के सांस्कृतिक रिवाज ‘फायर पॉट’ का है।
सर्च में हमें वायरल वीडियो ‘马文’ नाम के फेसबुक पेज पर वायरल वीडियो मिला। वीडियो को 2 अक्टूबर 2024 को शेयर किया गया है। वीडियो के साथ इंग्लिश में कैप्शन लिखा हुआ है,”Shocking fire pot performance, praise for Chinese intangible heritage! #Amazing#China#Culture”
(हिंदी अनुवाद : चौंकाने वाला फायर पॉट प्रदर्शन, चीनी अमूर्त विरासत की प्रशंसा! #अद्भुत#चीन#संस्कृति।)
वायरल वीडियो हमें कई फेसबुक और इंस्टाग्राम यूजर द्वारा शेयर किया हुआ मिला। वीडियो को चीन के ‘फायर पॉट परफॉर्मेंस’ का बताया गया है।
बता दें की हुओहू (फायर पॉट) चीन की एक सांस्कृतिक विरासत है, जिसमें कलाकार आतिशबाजी पैटर्न बनाने के लिए आग के बर्तन, मशालेंऔर पोई जैसे अलग-अलग चीजों का उपयोग करते हैं। परफॉर्मेंस करने वाले कलाकार अग्निरोधी सूट पहनकर एक रोड के दोनों तरफ लगे लोहे के जालों में गर्म कोयले डालकर उन्हें जोर-जोर से हिलाते हैं। इससे निकलने वाली चिंगारियों से ऐसे दृश्य बनते हैं।”
सोशल मीडिया पर प्रयागराज महाकुंभ के नाम से पहले भी कई वीडियो वायरल हुए हैं। जिनकी जांच विश्वास न्यूज ने की है। फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
इस बारे में प्रयागराज में दैनिक जागरण के संपादकीय प्रभारी राकेश पांडे का कहना है कि वीडियो यहां का नहीं है। लोग प्रयागराज महाकुंभ के नाम से कई वीडियो वायरल कर रहे हैं।
अंत में हमने पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला कि यूजर को एक हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को हिसार का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: आग से करतब दिखाते शख्स का यह वीडियो प्रयागराज महाकुंभ का नहीं है। वायरल वीडियो चीन के ‘फायर पॉट परफॉरमेंस का है। जिसे अब प्रयागराज महाकुंभ से जोड़कर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है। वीडियो का प्रयागराज या भारत से कोई संबंध नहीं है।
- Claim Review : यह वीडियो प्रयागराज महाकुंभ का है।
- Claimed By : फेसबुक यूजर -Sanjeev Awasthi
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
|