| schema:text
| - Fact Check : नेपाल के पुल के वीडियो को राम झूले का बताकर किया जा रहा वायरल
राम झूले के नाम से वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। दरअसल, वीडियो नेपाल के कालीगंडकी नदी पर बने गंडकी गोल्डन ब्रिज का है। नेपाल के वीडियो को गलत दावे के साथ भारत का बताकर शेयर किया जा रहा है।
By: Pragya Shukla
-
Published: Mar 6, 2025 at 04:59 PM
-
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर पुल का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग पुल पर खड़े हुए हैं और वो बुरी तरीके से हिल रहा है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह हरिद्वार और राम झूले के डगमगाने का है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। दरअसल, वीडियो नेपाल के कालीगंडकी नदी पर बने गंडकी गोल्डन ब्रिज का है। नेपाल के वीडियो को गलत दावे के साथ भारत का बताकर शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
इंस्टाग्राम यूजर dev_dhankher_jind.aala ने 1 मार्च 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया। था। वीडियो पर लिखा हुआ है, “हरिद्वार का राम झूला डगमगा रहा है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो वायरल शॉर्ट न्यूज नामक एक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 4 मार्च 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो नेपाल का है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो गीता नामक एक टिक टॉक अकाउंट पर मिला। वीडियो को 9 नवंबर 2024 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो नेपाल के गंडकी गोल्डन ब्रिज का है।
वायरल वीडियो हमें कई अन्य अकाउंट पर इसी जानकारी के साथ अपलोड हुआ मिला।
गंडकी गोल्डन ब्रिज के बारे में सर्च करने पर हमें इससे जुड़ी एक रिपोर्ट trek nepal नामक नेपाल की एक वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट के अनुसार, यह पुल नेपाल की कालीगंडकी नदी पर बनाया गया है।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो में नजर आ रहे शख्स के जैकेट पर गौर किया। हमने पाया कि जैकेट पर ‘Children Life Sport Club’ लिखा हुआ है। इसके बारे में गूगल पर सर्च करने पर हमें इस क्लब का फेसबुक पेज मिला। पेज पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह क्लब नेपाल के बागलुंग में है।
जांच के दौरान हमें दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 19 जुलाई 2023 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के अनुसार, राम झूला ऋषिकेश में मौजूद है और बीते काफी समय से खराब हालत में था, जिसके बाद इसे असुरक्षित घोषित कर दिया गया था।
हमने गूगल मैप पर गंडकी गोल्डन ब्रिज और ऋषिकेश में मौजूद राम झूला के बारे में सर्च किया। हमें दोनों से जुड़ी कई तस्वीरें वहां पर मिली। दोनों तस्वीरों के अंतर को नीचे साफ तौर पर देखा जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण देहरादून के संपादकीय प्रभारी देवेंद्र सती से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह दावा गलत है। यह वीडियो ना ही हरिद्वार का है और ना ही ऋषिकेश का है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 48 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि राम झूले के नाम से वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। दरअसल, वीडियो नेपाल के कालीगंडकी नदी पर बने गंडकी गोल्डन ब्रिज का है। नेपाल के वीडियो को गलत दावे के साथ भारत का बताकर शेयर किया जा रहा है।
Claim Review : राम झूला के डगमगाने का वीडियो।
-
Claimed By : Inst user dev_dhankher_jind.aala
-
Fact Check : झूठ
-
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
|