| schema:text
| - Fact Check: इंडिया और पाकिस्तान के मैच का बताकर शेयर किया जा रहा यह वीडियो फुटबॉल मैच का है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि भारत- पाकिस्तान मैच का बताकर वायरल किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो साल 2024 में हुए फुटबॉल मैच का है, जब दर्शकों और पुलिस अधिकारियों के बीच झड़प हो गई थी। उसी वीडियो को अब कुछ लोग चैंपियंस ट्रॉफी 2025 भारत-पाकिस्तान के बीच हुए मैच के बाद का बताकर गलत दावे से शेयर कर रहे हैं। वीडियो का हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।
By: Jyoti Kumari
-
Published: Feb 28, 2025 at 06:20 PM
-
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है, जिसमें स्टेडियम में दर्शकों और पुलिस कर्मियों के बीच झड़प देखी जा सकती है। अब कुछ लोग इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो हाल ही में हुए भारत और पाकिस्तान मैच के बाद का है। जहां फैंस ने पाकिस्तान के मैच हारने के बाद स्टेडियम में पुलिस कर्मियों के साथ झड़प की।
विश्वास न्यूज ने जांच में वायरल दावे को गलत पाया। दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा वीडियो जून 2024 का है, जब एक फुटबॉल मैच के दौरान दर्शकों और पुलिस अधिकारियों के बीच झड़प हो गई थी। उसी वीडियो को अब चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का बताकर गलत दावे से शेयर कर रहे हैं।
क्या हो रहा है वायरल?
इंस्टाग्राम यूजर ‘isvideo786’ (आर्काइव लिंक) ने 25 फरवरी 2025 को वीडियो शेयर किया और साथ में लिखा ,”In Dubai 23/02/2025
India vs Pakistan match k bad dkho इसीलिए इंडिया टीम पाकिस्तान नहीं गई ”
फेसबुक यूजर Arvind Kashyap ने भी वायरल वीडियो को शेयर किया है और लिखा है,”इंडिया vs पाकिस्तान मैच के बाद पाकिस्तान के मैच हारने के बाद लोगों ने स्टेडियम में बवाल काटा। इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच हारने के बाद दुबई स्टेडियम में कुछ ऐसा नजारा।”
पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इसके कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। हमें वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) का Gary Al-Smith – Journalist के फेसबुक अकाउंट पर मिला। वीडियो को 4 जून 2024 को अपलोड किया गया था। वीडियो के साथ दी गई जानकारी अनुसार, ट्यूनिस डर्बी में हुए फुटबॉल मैच में एस्पेरेस ने क्लब अफ्रीका को 2-1 से हराया। जिसके बाद खेल हिंसा, मिसाइल फेंकने, भारी पुलिस हस्तक्षेप और कई चोटों के साथ समाप्त हुआ। “
हमें वायरल वीडियो से जुड़ी न्यूज रिपोर्ट slaati.com की वेबसाइट पर मिली। साल 2024 में प्रकाशित खबर में बताया गया, ” ट्यूनीशिया के अफ्रीकी क्लब और उसके मेहमान एस्पेरांस के बीच मैच में अफ्रीकी क्लब के प्रशंसकों और पुलिस अधिकारियों के बीच कई हिंसक घटनाएं और झड़पें देखने को मिलीं। इस कारण रेफरी को तीन बार खेल रोकना पढ़ा। पुलिस अधिकारियों ने मुश्किल से स्थिति को काबू किया।”
सर्च के दौरान हमें ये वीडियो Football Fans नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 4 जून 2024 को अपलोड किया गया है। वीडियो को फुटबॉल मैच का बताया गया है।
वायरल वीडियो कई यूजर द्वारा जून 2024 में शेयर किया गया है।
हमने वीडियो को दैनिक जागरण में खेल को कवर करने वाले सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट अभिषेक त्रिपाठी के साथ शेयर किया। उन्होंने बताया, वीडियो भारत-पाकिस्तान मैच का नहीं है। ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर कई दावे सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। जिनकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। यूजर को 5,668 लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि भारत- पाकिस्तान मैच का बताकर वायरल किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो साल 2024 में हुए फुटबॉल मैच का है, जब दर्शकों और पुलिस अधिकारियों के बीच झड़प हो गई थी। उसी वीडियो को अब कुछ लोग चैंपियंस ट्रॉफी 2025 भारत-पाकिस्तान के बीच हुए मैच के बाद का बताकर गलत दावे से शेयर कर रहे हैं। वीडियो का हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।
Claim Review : वीडियो भारत-पाकिस्तान मैच के बाद का है।
-
Claimed By : इंस्टाग्राम यूजर -isvideo786
-
Fact Check : भ्रामक
-
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
|