| schema:text
| - Fact Check: यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की का डांस परफॉर्म करने के दावे से वायरल वीडियो डीपफेक है
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के नाम से वायरल हो रहा वीडियो डीपफेक वीडियो है, जिसमें उन्हें एक डांसर की तरह नृ्त्य करते हुए देखा जा सकता है। ऑरिजिनल वीडियो एक डांसर का है, जिसमें जेलेंस्की के चेहरे को जोड़ दिया गया है।
By: Abhishek Parashar
-
Published: Feb 19, 2025 at 05:48 PM
-
Updated: Feb 19, 2025 at 05:53 PM
-
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। रूस और यूक्रेन के जारी युद्ध के बीच सोशल मीडिया पर यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के नाम से एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें जेलेंस्की जैसी शक्ल के व्यक्ति को प्रोफेशनल नर्तक की तरह डांसिंग परफॉर्म करते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि इस वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति जेलेंस्की ही हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। जेलेंस्की के नाम से वायरल हो रहा वीडियो डीपफेक है। किसी और बेली डांसर के चेहरे पर जेलेंस्की के चेहरे को चिपका दिया गया है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Chunilal Jakhar’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “राष्ट्रपति बनने के पहले जेलेन्सकी जोकर यानी लबार थे..ये आदमी यूक्रेन का राष्ट्रपति है। इसने बाईडेन प्रशासन के बहकावे में आकर NATO का सदस्य बनने के लिए अपने समृद्ध देश को रूस जैसी महाशक्ति के आगे युद्ध में झोंक दिया। बाईडेन हार गए और अब ट्रम्प ने साफ़ कर दिया है कि हम यूक्रेन को NATO में नहीं लेंगे। फ़िलहाल रूस और अमेरिका यूक्रेन के भाग्य का फ़ैसला करने के लिए मीटिंग कर रहे है जिसमे यूक्रेन ही शामिल नहीं है। एक जोकर लबार को सत्ता के आस पास सभी नहीं फटकने देना चाहिए, सत्ता चलाना बेहद परिपक्वता का काम होता है। भारत में भी एक जोकर लबार एक राज्य का मुख्यमंत्री बना है और उसने अपने राज्य को किस तरह से बर्बाद कर दिया आप लोग देख ही रहे हैं…और भारत में एक और जोकर लबार भारत का प्रधानमंत्री बनना चाहता है….और हाँ, चाणक्य ने एक बार कहा था कि एक विदेशी महिला से जन्मा बालक कभी देशभक्त नहीं हो सकता।”
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
सोशल मीडिया पर यह वीडियो पहले भी समान संदर्भ में वायरल हो चुका है, जिसे विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में फेक पाया था। फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
सर्च में हमें यह वीडियो सालेम सेजम नाम के यूट्यूब चैनल पर एक दिसंबर 2020 को अपलोड मिला। मगर इस वीडियो में डांस कर रहे व्यक्ति जेलेंस्की नहीं, कोई और हैं।
हमें यह वीडियो सात फरवरी 2022 को इंस्टाग्राम पर गमगम.टीवी नाम के पेज पर भी अपलोड मिला, जिसमें यहां भी इस व्यक्ति का चेहरा अलग था।
वायरल वीडियो के बारे में और ज्यादा पता लगाने के लिए विश्वास न्यूज ने यूक्रेन के फैक्ट चेकर रुस्लान डेनिचेंको से संपर्क किया था। रुस्लान ने पुष्टि करते हुए बताया कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की नहीं हैं। यह एक डीपफेक वीडियो है।
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब सात हजार लोग फॉलो करते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले अन्य अंतरराष्ट्रीय दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज के दुनिया सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के नाम से वायरल हो रहा वीडियो डीपफेक वीडियो है, जिसमें उन्हें एक डांसर की तरह नृ्त्य करते हुए देखा जा सकता है। ऑरिजिनल वीडियो एक डांसर का है, जिसमें जेलेंस्की के चेहरे को जोड़ दिया गया है।
Claim Review : प्रोफेशनल डांसर की तरह नृत्य करते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की।
-
Claimed By : FB User-Chunilal Jakhar
-
Fact Check : झूठ
-
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
|